July 27, 2024

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सपत्नीक श्री दरबार साहिब में टेका मत्था, श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज को प्रकटोत्सव की दी शुभकामनाएं

देहरादून। स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को सपत्नीक श्री दरबार साहिब में मत्था टेका। उन्होंने श्री दरबार साहिब के श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने श्रीमहंत देवेन्द्र  दास जी महाराज से आर्शीवाद प्राप्त किया व प्रकटोत्सव की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। गुरुवार शाम को स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. धनसिंह रावत का काफिला श्री दरबार साहिब पहुँचा। श्री दरबार साहिब की परंपरा के अनुसार दोनों का स्वागत किया गया। श्री महाराज जी ने स्वास्थ्य मंत्री को श्री दरबार साहिब का स्मृति चिन्ह भेंट किया। शिष्टाचार भेंट के दौरान प्रदेश के विभिन्न समसामयिक विषयों एवं स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा हुइ। स्वास्थ्य मंत्री ने श्री गुरु राम राय ग्रुप के संस्थानों के द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की प्रशंसा की। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के डाॅक्टरों व स्टाफ के योगदान की भी भूरी भूरी सराहना की।

श्री महाराज जी ने डाॅ धन सिंह रावत को शिक्षा के क्षेत्र में एसजीआरआर एजुकेशन मिशन के अन्तर्गत संचालित एसजीआरआर स्कूलों के द्वारा स्कूली शिक्षा एवं श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के द्वारा उच्च शिक्षा में किये जा रहे कार्यों के बारे में भी जानकारी दी। उत्तराखंड के दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों में एसजीआरआर ग्रुप के सहयोग से स्कूल खोले जाने की संभावनाओं पर चर्चा हुई। शिष्टाचार भेंट में स्वास्थ्य मंत्री ने तीन अनाथालय विद्यालयों के संचालन के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।  झाड़ीपानी, धर्मपुर एवं  सहसपुर में संचालित 12वीं तक के इन स्कूलों में पढ़ाई, भोजन व अन्य व्यवस्थाओं पर बातचीत हुई. राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं में डॉक्टरों एवं नर्सिंग स्टाफ की स्थिति से जुड़े विभन्न बिंदुओं पर भी परिचर्चा हुई।

 काबिलेगौर है कि श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय व एसजीआरआर एजुकेशन मिशन के अन्तर्गत संचालित पब्लिक स्कूलों द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किये जा रहे हैं। एसजीआरआर एजुकेशन मिशन दशकों से गुणवत्तापरक शिक्षा रियायती दरों पर प्रदान कर रहा है। स्वास्थ्य मंत्री ने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, एसजीआरआर एजुकेशन मिशन व श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय इसी प्रकार जन हित से जुड़े उल्लेखनीय कार्य करते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.