November 3, 2026

धामी सरकार का विकास पर बड़ा दांव, 26 कार्यों के लिए 22.15 करोड़ रुपये मंजूर

देहरादून। प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों में 26 विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 22 करोड़ 15 लाख 32 हजार रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति का अनुमोदन किया है। स्वीकृत कार्यों में सड़क और नाली निर्माण, सुरक्षात्मक कार्य, पेयजल सुविधाओं का विस्तार, तारबाड़, धार्मिक स्थलों एवं मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण और विद्युत संबंधी कार्य शामिल हैं।

मुख्यमंत्री की इस मंजूरी में देहरादून जनपद के मसूरी विधानसभा क्षेत्र को सबसे अधिक 8.96 करोड़ रुपये के विकास कार्य मिले हैं। यहां विभिन्न वार्डों और क्षेत्रों में आंतरिक सड़कों, नालियों तथा सुरक्षात्मक कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। इनमें मिठ्ठी बेहड़ी, जाखन नगर, मालसी, गढ़ी कैंट, नागेश्वर, संजय विहार, टपकेश्वर, रोजपुर रोड, दून विहार, डोभालवाला, घोरणखास, किशननगर और विजय कॉलोनी के कार्य शामिल हैं। इन कार्यों पर करीब 39.97 लाख से 96.75 लाख रुपये तक खर्च किए जाएंगे।

वहीं, पिथौरागढ़ जनपद में चार विकास कार्यों के लिए 3.44 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई है। इनमें डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम सभा लीमा टोडा में सीसी मार्ग निर्माण, धारचूला के गटघोरगाड़ी में नौलिंग मेला स्थल का निर्माण, विकासखंड विण की ग्राम सभा उपरतोला में आंतरिक मार्ग निर्माण तथा खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा, सीसी मार्ग, पुलिया और सुरक्षात्मक कार्य शामिल हैं।

अल्मोड़ा जनपद में सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ताकुला मंडल में सूअर रोधक तारबाड़ के लिए 45.63 लाख रुपये और जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में दन्या के समीप सिद्धेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 97.08 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए पहली किस्त के रूप में 58.248 लाख रुपये का शासनादेश भी जारी कर दिया गया है।

चम्पावत जनपद में धार्मिक और मेला स्थलों के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। मटेला के भगीनाखेत स्थित भौलेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 25 लाख, खटोली के भगवती मेला स्थल के लिए 50 लाख और बुगाख्याली के भागेश्वर मेला स्थल के लिए 25 लाख रुपये के शासनादेश जारी किए गए हैं। इसके अतिरिक्त लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ठांटा ग्राम पंचायत में ऐतिहासिक दूधाधारी भगवती मेला स्थल के सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा और ध्यान केंद्र के निर्माण के लिए 97.10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

टिहरी गढ़वाल के देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में कीर्तिनगर स्थित चौकी महादेव शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 67.87 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है। वहीं, हरिद्वार जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 100 हैंडपंप लगाए जाएंगे। झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में 50 हैंडपंपों की स्थापना के लिए 99.44 लाख और लक्सर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में 50 हैंडपंप लगाने के लिए 1.23 करोड़ रुपये से अधिक की स्वीकृति दी गई है।

इसके अलावा पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में नगर निगम के विभिन्न स्थानों पर स्ट्रीट लाइट व्यवस्था मजबूत करने के लिए 3.44 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसके तहत विद्युत पोल लगाने, लाइन निर्माण और लाइन शिफ्टिंग के कार्य किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, विद्युत और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।

कुल मिलाकर सरकार की इस स्वीकृति के जरिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास को भी गति देने की कोशिश की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.