October 18, 2026

ऋषिकेश में अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग से उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर और अधिक पहचान मिलेगी: सीएम धामी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस दौरान विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ (The Beatles) पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग उत्तराखण्ड में किए जाने के संबंध में चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘क्लोवर’ (CLOVER) नाम से प्रस्तावित फिल्म परियोजना की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में की जानी प्रस्तावित है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना का निर्देशन ऑस्कर पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक सर सैम मेंडेस कर रहे हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से बनाई जा रही इस परियोजना के अंतर्गत ‘द बीटल्स’ के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। इस फिल्म श्रृंखला का नाम ‘द बीटल्स – ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ है। इन फिल्मों को अप्रैल 2028 में विश्वभर के सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना प्रस्तावित है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि ऋषिकेश में प्रस्तावित शूटिंग के दौरान 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एवं लगभग 150 भारतीय क्रू सदस्यों के अतिरिक्त स्थानीय तकनीशियनों एवं अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ द्वारा किया जा रहा है। इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होने के साथ ही होटल, परिवहन एवं अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड अपनी नैसर्गिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत तथा विविध शूटिंग लोकेशन के कारण देश के प्रमुख फिल्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित हो चुका है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के अंतर्गत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास उत्तराखण्ड में देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाओं को आकर्षित करना है, ताकि स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों एवं युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश की विश्वभर में योग एवं आध्यात्मिक नगरी के रूप में विशिष्ट पहचान है। ‘द बीटल्स’ का भी ऋषिकेश से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। यहां इस अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग से उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर और अधिक पहचान मिलेगी। साथ ही प्रदेश में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता सु एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर तथा सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर सु एम्मा पिल शामिल थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.