March 27, 2026

सरकारी नौकरी मिलने की खुशी कुछ ही घण्टे में मातम में बदली, डीएवी की दीवार गिरने से कनिष्क सहायक पद पर चयनित युवती की मौत

देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज के पीछे की दीवार का हिस्सा गिरने से वहां से पैदल गुजर रही युवती की मौत हो गई, जबकि उसका भाई घायल हो गया। उसे दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इंस्पेक्टर डालनवाला राजेश साह ने बताया कि कोटा चकराता निवासी सुष्मिता तोमर (22 वर्ष) डीबीएस कॉलेज के पास एक संस्थान में कोचिंग करती थी। हाल ही में उसकी नियुक्ति पुरोला डिग्री कॉलेज में कनिष्ठ सहायक के पद पर हुई थी। वह नौकरी मिलने की खुशी में गुरुवार देर शाम कोचिंग सेंटर के संचालक को मिठाई खिलाने गई थी। इस दौरान उसका भाई रघुवीर भी साथ था। रात को दोनों पैदल डीएवी कॉलेज के पीछे की रोड से गुजर रहे थे। करीब साढ़े आठ बजे दीवार का हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। करीब 15 फीट चौड़ी सड़क पर गिरी 12 फीट ऊंची दीवार के मलबे ने भाई-बहन को चपेट में ले लिया गया। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देने के साथ ही ईंटें हटाकर दोनों को बाहर निकाला। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने सुष्मिता को मृत घोषित कर दिया।

छात्रा की मौत के शोक में प्राचार्य डा. केआर जैन ने शुक्रवार को कॉलेज बंद रखने की घोषणा कर दी। उन्होंने बताया कि इस दुख की घड़ी में पूरा कॉलेज छात्रा के परिवार के साथ है। ऐसे में 20 अक्तूबर को कॉलेज बंद रखा जा रहा है। डॉ. केआर जैन ने घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने बताया कि कॉलेज की ओर से लगातार बाउंड्री वॉल को नुकसान पहुंचा रहे पेड़ को हटाने के लिए वन विभाग से छह महीने से लिखित अनुरोध किया जा रहा है। लेकिन विभाग ने निरीक्षण करने के बाद भी उचित कार्रवाई अभी तक नहीं की, जिस कारण वहां काम नहीं हो पाता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.